टनकपुर (चंपावत)। निर्माणाधीन टनकपुर-चंपावत बारहमासी सड़क पर तीन स्थानों पर मलबा आने से करीब दस घंटे तक यातायात ठप रहा।
लगातार बारिश से टिप्पन टॉप और अमरू बैंड में मलबा हटाकर सड़क खोलते ही फिर मलबा आने से सड़क बंद होती रही। दोपहर तीन बजे तक भी सड़क नहीं खुल पाई थी।
मंगलवार से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने टनकपुर-चंपावत राजमार्ग पर अमरू बैंड में भारी मलबा आने से सड़क बंद हो गई। इससे सैकड़ों यात्री रास्ते में फंस गये।
सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल के साथ अन्य अधिकारी और कार्यदायी एनएच विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से मलबा हटाने का काम शुरू किया। एसडीएम गर्ब्याल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा और पत्थरों के गिरने का सिलसिला जारी है। मलबा हटाकर सड़क खोलने का काम जारी है।