बनबसा (चंपावत)। क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी ने सोमवार को बमनपुरी गांव का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनी। साथ ही उन्होंने सरकार के एक साल के कार्यकाल पर लोगों की राय जानी। कहा कि विकास के कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
ग्राम प्रधान गिरधारी लाल की अध्यक्षता में हुई सभा में ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष विधवा, वृद्धा व विकलांग पेंशन न मिलने, सड़क की समस्या रखी। विधायक ने समस्याओं को शीघ्र दूर कराने की बात कही। ग्राम विकास अधिकारी तपन गड़कोटी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बमनपुरी गांव में 31 पात्र परिवारों को आवास दिए गए हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेद सिंह नेगी के संचालन में हुई सभा में सांसद प्रतिनिधि संजय जोशी, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, जिला महामंत्री दीपक चंद रजवार, ग्राम प्रधान गंगा गुरूंग, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विमला सजवान, सौरभ गुप्ता, राजेंद्र नेगी, सुरेश सक्सेना आदि मौजूद थे।
अग्निकांड पीड़ित को 25 हजार की मदद
टनकपुर। दुकान में आग लगने से लाखों की क्षति होने पर पीड़ित व्यवसायी अब्दुल गफ्फार को विधायक कैलाश गहतोड़ी ने अपनी जेब से 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी है। उन्होंने पीड़ित को सरकार की ओर से हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।