चंपावत। जिला पंचायत संचालित मां पूर्णांगिरि धाम मेले में आस्था से खुला खिलवाड़ हो रहा है। मेले से जुड़े कुछ ठेकदारों से लेकर पुलिस के कुछ कर्मियों पर इस अवैध वसूली में हिस्सेदार होने के आरोप लगे हैं। इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर शनिवार को वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। डीएम और एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने मामले के जांच के आदेश दिए हैं। टनकपुर के सीओ राजन सिंह रौतेला को तीन दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
आरोप है कि ककरालीगेट में पुलिस कर्मी जीप से ओवरलोडिंग के एवज में अवैध वसूली कर रहे हैं। वहीं बूम में बनी पार्किंग ठेके में भी ओवर रेटिंग चल रही है। यहां निर्धारित 150 रुपये के बजाय 200 रुपये वसूलने का आरोप है। सोशल मीडिया में मामला उछलने के बाद शनिवार को एसपी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। कहा कि पूरे मामले में पुलिस और बूम बैरियर की पार्किंग की पड़ताल की जाए। साथ ही नियमित रूप से यहां की कारोबारी व अन्य गतिविधियों पर गोपनीय तरीके से निगरानी रखने के भी आदेश दिए गए हैं।
वहीं डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने भी मेला क्षेत्र के शारदा घाट, ककराली गेट, बूम आदि में पार्किंग, टैक्सी किराए के नाम पर हो रही अवैध वसूली की शिकायतों की जांच के लिए टनकपुर के एसडीएम अनिल चम्याल के साथ ही मेलाधिकारी जिला पंचायत के एमएम राजेश कुमार और टनकपुर नगरपालिका प्रशासन को निर्देश दिए है। तीन दिन के भीतर मामले की रिपोर्ट देने को कहा गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित ठेकों के टेंडर को निरस्त कर दिया जाएगा।