चंपावत। पीजी कालेज की तमाम समस्याओं को लेकर छात्र संघ का आंदोलन नौवें दिन भी जारी रहा। बुधवार को ठिठुराती ठंड के बावजूद छात्र-छात्राओं ने क्रमिक अनशन जारी रखा। छात्रों ने उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत पर वादाखिलाफी का आरोप भी लगाया।
छात्रों का कहना है कि चंपावत में डिग्री कालेज खुले दो दशक से अधिक समय बीत गया है। लेकिन अभी तक यहां महत्वपूर्ण विषयों का अभाव बना हुआ है। एमएससी, एमकॉम, पीजी में इतिहास, अंग्रेजी, हिंदी और समाज शास्त्र विषय खोलने की मांग लंबे समय से की जा रही है। जिसे अभी तक पूरा नहीं किया जा सका है। इन विषयों के नहीं होने से छात्र छात्राओं को पढ़ाई के लिए दूसरे कालेज में दाखिला लेना मजबूरी बन गया है। आंदोलनरत छात्र नेताओं का कहना था कि बीते वर्ष कालेज के वार्षिकोत्सव के दौरान उच्च शिक्षामंत्री धन सिंह रावत ने तीन माह के भीतर सभी जरूरी विषयों की स्वीकृति प्रदान करने का आश्वासन दिया था।
लेकिन अब तक एक भी घोषणा पूरी नहीं हो सकी है। बुधवार को छात्रसंघ अध्यक्ष नाथ सिंह बोहरा के नेतृत्व में क्रमिक अनशन में शिरकत करने वालों में नीरज सिंह रावत, पारस सिंह महर, रोहित बोहरा, रमेश चंद्र, नवीन सिंह, अनुराधा, दीपा जोशी, विमला भट्ट, पुष्पा जोशी, खीमा भट्ट, प्रकाश चंद्र आदि छात्र-छात्राएं शामिल रही।