चंपावत। जिला मुख्यालय में आयोजित जनशिकायत निवारण शिविर में दो शिकायतें मिलीं। डीएम डॉ. अहमद इकबाल ने संबंधित अधिकारियों को इनके निस्तारण के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में जाखजिंडी की आशा देवी ने कहा कि उनके गांव मेंग्राम प्रधान द्वारा ग्राम पंचायत से बाहर खुर्पाली में कार्य किए गए हैं। उन्होंने इसकी जांच करने की मांग उठाई। डीएम ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व में दी गई शिकायत पर जिला विकास अधिकारी ने ग्राम प्रधान के कार्यों की जांच की गई थी, जिसमें ग्राम पंचायत में कार्य सही होना पाया गया है। डीएम ने महिला से ग्राम पंचायत के खिलाफ शपथ पत्र में शिकायत दर्ज करने को कहा। डीडीओ को तहसीलदार, पटवारी, वीपीडीओ, वीडीओ समिति गठित कर 15 दिन में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
सिलिंगटांक के याहुन सिंह ने शिकायत रखी कि उनके पिता बीपीएल श्रेणी में थे। उनकी मृत्यु हो गई है, इसलिए अब उन्हें बीपीएल श्रेणी में रखा जाए। डीडीओ ने बीडीओ को नियमानुसार याहुन सिंह को बीपीएल श्रेणी में दर्ज करने के निर्देश दिए। शिविर में परियोजना निदेशक डीआरडीए एचजी भट्ट, डीडीओ आरसी तिवारी, अर्थ एवं संख्याधिकारी एनबी बचखेती, जीबी जोशी, खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी एनसी कोठारी, खेल अधिकारी आरएस धामी आदि थे।