टनकपुर (चंपावत)। निर्धन, असहाय नेत्र रोगियों की सहायतार्थ हरेला क्लब द्वारा 11, 12 नवंबर को संयुक्त चिकित्सालय में लगाए जा रहे निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर की क्लब के कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को हुई बैठक में शिविर को सफल बनाने के लिए विचार-विमर्श किया गया।
वरिष्ठ एडवोकेट शंकर दत्त गड़कोटी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मरीजों के लिए व्यवस्थाओं की रणनीति तय की गई है। क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चंद ने बताया कि शिविर के पहले दिन 11 नवंबर को आंखों का परीक्षण कर मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को चिह्नित करने के साथ ही हल्द्वानी के नेत्र सर्जन टीडी रखोलिया, डॉ. डीएस नेगी द्वारा ऑपरेशन किए जाएंगे।
दूसरे शेष बचे मरीजों के ऑपरेशन, ऑपरेशन के बाद आंखों का परीक्षण, चश्मे बांटे जाएंगे। क्लब के कार्यकर्ताओं से सभी रोगियों को शिविर का लाभ पहुंचाने में मदद करने को कहा गया है। बैठक में कैलाश चंद्र गड़कोटी, देवी दत्त भट्ट, अजय कुमार गुरुरानी, डॉ. दिनेश चंद्र पाठक, अनिल गड़कोटी, महेश पंगरिया, हेम कलखुड़िया आदि थे।