चंपावत। दिवाली त्योहार के दूसरे दिन शुक्रवार को मुख्यालय के बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। इक्का दुक्का दुकानें ही खुलने के कारण मुख्यालय से होकर गुजरने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधिकांश दुकानदारों के दिवाली मनाने अपने घर जाने के कारण जहां बाजार में सन्नाटा पसरा रहा, वहीं सरकारी कार्यालयों और स्कूलों के दिवाली अवकाश के कारण बंद होने से चहल पहल कम दिखी। जिला अस्पताल में जहां ओपीडी केवल आधे दिन के लिए रही। वहीं बाजार में कम लोगों के निकलने से भी सन्नाटे की स्थिति रही। शनिवार को भैया दूज के अवकाश होने तथा अगले दिन रविवार का अवकाश होने के कारण मुख्यालय में सोमवार तक चहल पहल कम रहने का अंदेशा है।
मुख्यालय में आज लगेगा भैया दूज का मेला
चंपावत। जिला मुख्यालय में भैया दूज के अवसर पर शनिवार को भैया दूज का मेला आयोजित किया जाएगा। जिसके लिए बाहरी क्षेत्रों के दुकानदार यहां पहुंच चुके हैं और उन्होंने अपनी दुकानें सजा ली हैं। मेले का आयोजन जिला मुख्यालय के मोटर स्टेशन में किया जाएगा। पूर्व में मेले का आयोजन खर्ककार्की के समीप बग्वाली मैदान में किया जाता था, लेकिन वर्तमान में बग्वाली मैदान का अस्तित्व समाप्त होने के कारण मेले का आयोजन मोटर स्टेशन में किया जाता है।