लोहाघाट (चंपावत)।
खेतीखान के दीप महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम शुरू हो गई है। महोत्सव की पहली शाम नरसिंह डांडा, चंपावत के कलाकारों के नाम रही। जीवन बेड़ियाल के नेतृत्व में आए कुमाऊं सुर सागर कला समिति नरसिंह डांडा के कलाकारों ने जै हो गोलू देवा वंदना से कार्यक्रमों की शुरुआत की। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत ओ हिमा काफल पाकिया त्यर नरसिंह डांडा, मोहना सुन मोहना आदि गीत बेहद सराहा गया।
बृहस्पतिवार शाम ग्राम प्रधान भैरव दत्त ओली की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने दीप जलाकर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। उन्होंने दीप महोत्सव समिति को दो लाख रुपये देने की घोषणा की। सरोज राजन, सतीश चिल्कोटी के नेतृत्व में आई जय गोल्ज्यू जन्मभूमि सांस्कृतिक कला मंच चंपावत के कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली गीतों की झड़ी लगा दी। कलाकारों द्वारा दी जा रही बेहतरीन प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक थिरकते रहे। पिथौरागढ़ से आए भीमराम एंड पार्टी के छलिया नर्तकों ने अपने करतबों से दर्शकों का मन मोहा। आयोजन में महोत्सव समिति के संरक्षक पुष्कर पुजारी, नवीन बोहरा, सीएल वर्मा, एलडी ओली, भैरव दत्त ओली, मनोज माहरा, संदीप कलखुड़िया, कमल माहरा आदि जुटे हुए हैं। महोत्सव समिति के अध्यक्ष मुकेशराज देउपा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, पूर्व विधायक केसी पुनेठा, गोविंद सामंत, दिनेश चम्याल, हरीश मथेला का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कल से वॉलीबाल प्रतियोगिता होगी
दीप महोत्सव में 15 अक्तूबर से जिला स्तरीय स्वर्गीय हरिदत्त ओली मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता होगी। इसमें विजेता टीम को पांच हजार और उप विजेता टीम को 2500 रुपये के अलावा ट्राफी दी जाएगी। 14 अक्तूबर तक टीमों का पंजीकरण किया जा सकेगा।