बनबसा (चंपावत)। भजनपुर स्थित पूर्णागिरि इंटर कालेज आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में थानाध्यक्ष राजेश पांडेय ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देने के साथ ही इससे होने वाली सामाजिक बुराईयों के बारे में बताया। कहा कि नशे की लत से कई परिवार बरबाद हो चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से धूम्रपान, मद्यपान, ड्रग्स, स्मेक आदि से बचने को कहा। कहा कि बच्चे स्वयं नशे से बचें और अपने परिजनों, आसपास के लोगों से भी नशे से बचने की अपील करें। कहा कि बच्चों की बातें सभ्य समाज के बडे़ बुजुर्ग अमल करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को नशामुक्त संगठन बनाने को भी प्रेरित किया। नशे के सेवन या इसके अवैध कारोबार की सूचना मिलने पर पुलिस को जानकारी देने का आह्वान किया। कां. विजय पाल ने भी विचार रखे।