लोहाघाट (चंपावत)। सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह मेहरा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बाणासुर किले तक सड़क बनाने की मांग की है। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि चंपावत जिला विकास की दृष्टि से काफी पिछड़ा हुआ है। लोहाघाट के समीप ऐतिहासिक पर्यटक स्थल वाणासुर किले तक पहुंच मार्ग न होने के कारण बाहर से आने वाले पर्यटकों की नजरों से यह स्थल ओझल बना हुआ है।
किले से चारों दिशाओं का नजारा मन को मोह लेने वाला है। बाणासुर के किले से हिमालय का विहंगम दृश्य देखते ही बनता है, जो पर्यटकों को अपने आगोश में ले लेता है। महरा ने कहा कि सुंई गांव को जाने वाली सड़क से अगर बाणासुर किले को जोड़ा जाता है तो पर्यटकों को वहां जाने में आसानी रहेगी ।