डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी के अनुसार सामान्य जाति की विधवा पेंशन पाने वाली महिलाओं की बेटियों की शादी के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से 50 हजार रुपए की मदद उपलब्ध कराई जा रही है। जो भी पात्र लाभार्थी हैं वह समाज कल्याण विभाग में आवेदन कर सकते हैं। सोमवार को विकास भवन में आयोजित बैठक में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में कोई भी पात्र लाभार्थी विभिन्न पेंशन योजना से वंचित न रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी पीसी जोशी ने बताया कि सामान्य जाति की विधवा पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं की पुत्रियों की शादी के लिए 23 लाभार्थियों ने आवेदन किया है। जिसके लिए विभाग को 31 मार्च को 11 लाख रुपए की धनराशि प्राप्त हो गई है। चंपावत में सात, लोहाघाट में दो पाटी दस तथा बाराकोट ब्लाक में दो लाभार्थियों के लिए पचास हजार की धनराशि अनुमोदित की गई है। इसी प्रकार अनुसूचित जाति शादी , बीमारी योजना के तहत भी 42 लाभार्थियों को निर्धारित धनराशि का भुगतान किया जा रहा है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एसएस पांगती, जिला पर्यटन अधिकारी एसएस यादव, सांसद प्रतिनिधि गोविंद सामंत, बृजेश माहरा, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।