टनकपुर (चंपावत)। रिश्तेदारी में नेपाल गए मनिहारगोठ निवासी सुरेश राम में वोट देने का ऐसा जुनून दिखा कि भारत-नेपाल सीमा सील होने पर भी उसके कदम नहीं रुके और वह सुरक्षा बलों से गुहार लगाकर वोट देने को सीमा पार से चले आए। सीमा सील होने के बावजूद बैराज से अपनी पत्नी और नन्हीं बेटी के साथ सीमा से आते मिले सुरेश से जब अमर उजाला ने पूछा तो उन्होंने बताया कि वह रिश्तेदारी में नेपाल गया हुआ था। बृहस्पतिवार को सुबह मतदान करने के लिए पत्नी और बेटी को लेकर आ गए।
सीमा पर पहले तो एसएसबी और सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें सीमा सील होने की बात कहते हुए रोक दिया लेकिन जब उन्होंने बताया कि वह मतदाता हैं और वोट डालने के लिए ही नेपाल से रिश्तेदारी से लौट रहा है तो सुरक्षा बलों ने भी उन्हें आने की अनुमति दे दी।