चंपावत। लोकसभा चुनाव को लेकर जिले को पांच जोन में बांटा गया है। डीएम रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि जोनल मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति के साथ जोन मुख्यालय निर्धारित कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पांच जोन व 51 सेक्टरों में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।
प्रथम जोन में अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई प्रशांत कुमार जोनल मजिस्ट्रेट होंगे। जोन मुख्यालय लोनिवि अतिथि गृह पाटी होगा। विकासखंड कार्यालय बाराकोट दूसरा जोन मुख्यालय होगा, जिसका दायित्व अधिशासी अभियंता लोनिवि लोहाघाट बीसी पंत संभालेंगे। मुख्य कृषि अधिकारी सुरेंद्र कुमार तीसरे जोनल मजिस्ट्रेट होंगे जिनका जोन मुख्यालय लोनिवि निरीक्षण भवन लोहाघाट होगा।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएस जंगपांगी चौथे जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जिनका जोन मुख्यालय जिला पंचायत विश्राम गृह चंपावत होगा। अधिशासी अभियंता उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम पांचवें जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जिनका जोन मुख्यालय वन विश्राम गृह टनकपुर निर्धारित किया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी 19 को चंपावत में
चंपावत। जिला निर्वाचन अधिकारी रणवीर सिंह चौहान ने बताया है कि सचिव एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या लोकसभा चुनाव की प्रारंभिक तैयारी के संबंध में 19 फरवरी को सुबह 10.00 बजे जिला सभागार में बैठक लेंगी। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों, लोकसभा निर्वाचन के लिए नामित नोडल, प्रभारी, अपर प्रभारी अधिकारियों, तहसीलदारों सहित जिला आबकारी अधिकारी को बैठक में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं। ब्यूरो