चंपावत। जिले के तल्ली खटोली ग्राम पंचायत में अस्पताल खोलने की मांग जोर पकड़ रही है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर ग्राम पंचायत में अस्पताल खुलवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में क्षेत्र के भ्रमण पर आए विधायक कैलाश गहतोड़ी ने जल्द ग्राम पंचायत में अस्पताल खुलवाने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की जा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीन सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि अस्पताल के अभाव में बुजुर्गों, बीमारों और प्रसूताओं को 50 किलोमीटर दूर चंपावत और टनकपुर ले जाना पड़ता है। इसमें अतिरिक्त पैसा और समय लगता है।
कहा गया है कि तल्ली खटोली में अस्पताल खुलने से क्षेत्र की मल्ली खटोली, मल्ली वैला, पचनई, भनोली, क्वारसिंग, दुधौरी, भिंजर आदि ग्राम पंचायतों के पांच हजार से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।
इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी खंडूरी का कहना है कि खटोली में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विधायक कैलाश गहतोड़ी के अनुसार क्षेत्र की जरूरत को अवश्य पूरा किया जाएगा और जल्द अस्पताल का निर्माण किया जाएगा।