लोहाघाट (चंपावत)। वेतन और दिवाली के बोनस की मांग को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी संघ ने दूसरे दिन रविवार को भी बांहों में काला फीता बांधकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने मांगों को शीघ्र पूरा नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
रविवार को संघ के मंत्री मनोज मिश्रा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने रोडवेज डिपो में दो सूत्रीय मांगों को लेकर सीने में दो माह से बिना वेतन कार्य करने संबंधी बैज टांगकर नाराजगी जताई। कर्मी सात दिसंबर तक इसी तरीके से कार्य करने के साथ विरोध जताएंगे। फिर भी सुनवाई नहीं होने पर बैठक कर उग्र आंदोलन की रणनीति तैयार करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में जीवानंद भट्ट, कैलाश कुमार, प्रकाश गड़कोटी, गजेंद्र द्विवेदी, जाकिर अली, दीपक प्रसाद, जगदीश सिंह, हरीश भट्ट, किशन सिंह, कैलाश कुमार, आत्मप्रकाश, महिपाल, पुष्कर भट्ट आदि शामिल थे।