लोहाघाट (चंपावत)। शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने पर टैक्सी चालकों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र ही पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की है। शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने पर टैक्सी चालकों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
चंचल सिंह सामंत के नेतृत्व में एसडीएम आरसी गौतम को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से चालकों को इधर-उधर वाहन खड़े करने को मजबूर होना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, सड़क किनारे खड़े वाहनों का चालान हो जाता है। जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चालकों का कहना था कि वह कई वर्षों से रोडवेज परिसर के नजदीक वाहन खड़ा करते थे, मगर रोडवेज परिसर में चहारदीवारी होने से अब टैक्सियां खड़ी करने की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। उनका कहना है कि चंपावत, पाटी, बाराकोट, गुमदेश, रौंसाल, पंचेश्वर आदि स्थानों को जानी वाली टैक्सियां सड़कों के किनारे खड़ी हो रही हैं।
शीघ्र पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने पर लोहाघाट-चंपावत के टैक्सी चालकों ने आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में मनोहर सिंह ढेक, राकेश सिंह फर्त्याल, दरबान ढेक, पुष्कर बोहरा, प्रकाश तिवारी, दीपक फर्त्याल, गोपी मुरारी, खिलानंद, मोहन बिष्ट, कपिल आदि शामिल थे।