चंपावत। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल के निर्देश पर पुलिस की ओर से 31 जनवरी से चलाए जा रहे आपदा जागरूकता अभियान के तहत एक पखवाड़े में 273 ग्रामीणों को बचाव कार्य के लिए प्रशिक्षित किया गया।
पुलिस की ओर से विभिन्न कोतवाली, थानों, स्कूलों और ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आपदा से बचाव के लिए प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान लोगों को ग्रामीण आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा, भूकंप, भूस्खलन आदि दैवी आपदा के समय खुद बचने और दूसरों को सुरक्षित मदद दिलाने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही स्ट्रेचर के माध्यम से घायलों को सुरक्षित निकालने और घायलों के प्राथमिक उपचार की जानकारी भी दी गई।
एक पखवाड़े तक चले जागरूकता अभियान में विभिन्न स्कूलों में 4329 शिक्षकों और छात्रों को भी प्रशिक्षित किया गया। जागरूकता अभियान में सुरेंद्र सिंह नेगी, भगत सिंह, हिमांशु नेगी, पुष्कर सिंह, रोहित सिंह करायत, गणेश सिंह, दुर्गेश रतूड़ी, वीरेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।