टनकपुर (चंपावत)। प्रशासन और नगर पालिका परिषद ने अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को शारदा चुंगी कॉलोनी क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को प्रशासन ने जेसीबी से तोड़ दिया है। हिदायत दी कि पुन: अतिक्रमण किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर के आंतरिक मार्गों पर अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव से अक्सर हादसों का खतरा बना रहता है। नागरिकों द्वारा यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग के बाद प्रशासन एवं नगर पालिका ने सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त करने का अभियान शुरू किया है। मंगलवार को एसडीएम अनिल चन्याल के नेतृत्व में पुलिस फोर्स की मदद से पालिका प्रशासन ने शारदा चुंगी कालोनी क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को ध्वस्त किया। एसडीएम ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह पहले ही नोटिस देते हुए खुद अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई थी। लोगों द्वारा अतिक्रमण न हटाने पर ही प्रशासन को अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई करनी पड़ी है। एसडीएम ने कहा कि ज्यादातर स्थानों पर नाली के ऊपर स्लैब डालकर दुकानदारों ने सड़क तक अतिक्रमण कर रखा था, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
कॉलोनी वालों ने जिला प्रशासन का पुतला फूंका
प्रशासन की अतिक्रमण विरोध कार्रवाई से नाराज शारदा चुंगी कॉलोनी के लोगों ने मंगलवार देर शाम कॉलोनी में जिला प्रशासन का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि नालियों से अतिक्रमण हटाने के नाम पर प्रशासन ने घर के अंदर जाने वाला रास्ता तक ध्वस्त कर दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन नदी से हो रहे कटाव की रोकथाम को सुरक्षा दीवार तो नहीं बना रहा, लेकिन अतिक्रमण के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है। गोपाल शर्मा के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन में नगर पालिका सभासद मुकेश साहू, सुनील कुमार, रंजीत शर्मा, योगेश कुमार, सुभाष कुमार आदि शामिल थे।