लोहाघाट (चंपावत)। घर से लापता हुई शहर से लगे एक गांव की युवती को पुलिस ने 13 दिन बाद बरामद कर लिया है। अपने प्रेमी के साथ घर से फरार होकर युवती ने एक मंदिर में शादी कर ली थी। न्यायालय में पेश करने के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
थानाध्यक्ष बीएस बृजवाल ने बताया कि एक महिला ने छह जनवरी को तहरीर देकर अपनी पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मां द्वारा दी गई रिपोर्ट में कहा गया था कि उनकी पुत्री 27 दिसंबर को घर से कॉलेज के लिए निकली थी, जहां से वह लापता हो गई थी।
पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 365 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना दरोगा मीनू को सौंपी गई थी। लापता युवती को पुलिस ने आठ जनवरी को चंपावत से बरामद कर न्यायालय में पेश किया।
एसओ ने बताया कि युवती ने अदालत में अपने बयान में खुद को वयस्क बताते हुए स्वयं अपने प्रेमी के साथ जाने की बात कबूली। जिन्होंने मंदिर में शादी कर ली है। कहा कि वह उसी के साथ रहना चाहती है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने युवती को सोमवार देर शाम उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।