टनकपुर (चंपावत)। नए साल पर मां पूर्णागिरि धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच जेब कतरों का गिरोह भी खासा सक्रिय रहा। नेपाल के सिद्धनाथ मंदिर में जेब काटते एक किशोर को रंगेहाथ पकड़ कर पहले नेपाल पुलिस और फिर टनकपुर पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद दो अन्य किशोरों को भी हिरासत में लिया और पीड़ितों के रुपये लौटाकर मामले को रफा-दफा कर दिया।
शाहजहांपुर निवासी राजीव गुप्ता पुत्र राम लडैते गुप्ता, जितेंद्र पाल पुत्र अरविंद कुमार एवं मझोला पीलीभीत निवासी मनोज पूर्णागिरि दर्शन के बाद सोमवार शाम नेपाल स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में दर्शन कर रहे थे। इसी दौरान जेब कतरों ने राजीव गुप्ता की जेब से दस हजार, जितेंद्र की जेब से तीन हजार और मनोज की जेब काटकर मोबाइल फोन निकाल लिया।
पीड़ितों ने सिद्धनाथ मंदिर समिति को घटना की सूचना दी तो समिति कार्यकर्ताओं ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक किशोर को पकड़कर नेपाल पुलिस के सुपुर्द किया। जहां पूछताछ में उसने जेब काटने में लगे तीन अन्य किशोरों के नाम बताए। नेपाल पुलिस के कहने पर पीड़ित श्रद्धालु पकड़े गए किशोर को लेकर टनकपुर कोतवाली पहुंचे।
उन्होंने पुलिस को घटनाक्रम के बारे में बताते हुए आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हालांकि पुलिस घटना नेपाल में होना बताते हुए पल्ला झाड़ रही है, लेकिन पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी किशोर की सूचना पर जेब काटने में लगे दो अन्य किशोरों को भी पुलिस ने पकड़ा, लेकिन बाद में आरोपियों के परिजनों से पीड़ितों के रुपये वापस करा मामले को निपटा दिया गया।