लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पीएम भारतीय जन औषधि केंद्र खुलने से लोगों को काफी राहत है। केंद्र में बाजार से सस्ती जेनरिक दवाएं मिलने से भारी भीड़ उमड़ रही है। केंद्र खुलने के तीन दिन के भीतर ही करीब 520 से अधिक लोग इसका लाभ उठा चुके हैं।
लोहाघाट ही नहीं पाटी, बाराकोट व चंपावत से भी लोग यहां से सस्ती दवाएं ले रहे हैं। इस केंद्र में करीब 90 फीसदी दवाएं उपलब्ध हो चुकी हैं। बाजार से बेहद कम दामों में दवाएं मिलने से रोगियों की जेब पर बोझ भी कम पड़ रहा है।
200 रुपये की दवाएं महज 22 रुपये में
चंपावत से दवा लेने आए बसंत जोशी का कहना है कि वे बाजार से 15 दिन के लिए रक्तचाप और मधुमेह की दवाएं 200 रुपये में खरीदते थे। लेकिन इस केंद्र में ये दवाएं मात्र 22 रुपये में ही मिल गई। उनका कहना है कि यह केंद्र वास्तव में लोगों के लिए काफी उपयोगी है।
गरीबों को मिल रही राहत
शील-बरियूड़ी से इलाज के लिए यहां आए रमेश कुमार का कहना है कि जन औषधि केंद्र में बाजार से कहीं कम मूल्य में लोगों को दवाएं मिल रही हैं। इस केंद्र के खुलने से गरीब लोगों को काफी हद तक राहत मिलेगी।
जेब कटने से मिली निजात
रोडवेज में परिचालक के पद पर तैनात भुवन चंद्र गहतोड़ी का कहना है कि सरकारी अस्पताल में जो दवाएं उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें बाजार से लेने में काफी कीमत चुकानी पड़ती थी। लेकिन अब सीएचसी परिसर में खुले इस केंद्र में काफी सस्ते दामों में दवाएं मिल रही हैं। जिससे उन्हें काफी राहत मिली।
सस्ती दवा मिलने से खुश है बसंती
बुखार से पीड़ित पाटन-पाटनी गांव की बसंती देवी ने अस्पताल में कुछ दवाएं उपलब्ध नहीं होने पर जन औषधि केंद्र से दवाएं खरीदी। उन्हें ये तमाम दवाएं 27 रुपये में मिल गई। कहा कि उन्हें जरा सा भी उम्मीद नहीं थी कि केंद्र में इतनी सस्ती दवाएं उन्हें मिल जाएंगी।
कोट
केंद्र में मधुमेह, हृदयरोग, रक्तचाप, गैस्ट्रो, विटामिन, एंटीबायोटिक्स आदि के लिए 600 से अधिक उच्च गुणवत्ता की दवाएं और 154 सर्जिकल व अन्य उपयोगी दवाएं आसानी से उपलब्ध है। अस्पताल में आने वाले रोगियों के अलावा अन्य रोगियों को भी दवाएं दी जा रही हैं।
नवीन जोशी, केंद्र संचालक, जन औषधि केंद्र, लोहाघाट।