लोहाघाट (चंपावत)। पुलिस द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 55 वाहनों का चालान किया गया है। आठ वाहनों को जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्टेशन बाजार काफी खुला नजर आया। इस दौरान जाम से निजात मिलने के साथ ही आवाजाही भी सुगम रही। सीओ पीएस कफलिया और थानाध्यक्ष बीएस बृजवाल के नेतृत्व में पुलिस ने वीर कालू सिंह चौराहा, स्टेशन बाजार, पिथौरागढ़ सड़क, पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड तक ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान स्टेशन बाजार में आड़े-तिरछे खड़े वाहनों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने आड़े-तिरछे खड़े वाहनों समेत हेलमेट बगैर दोपहिया वाहन चलाने वालों के धड़ाधड़ चालान किए। एसओ ने बताया कि आड़े-तिरछे खड़े वाहनों, बिना कागजात, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 55 लोगों के चालान किए गए, जबकि आठ बाइकें जब्त की गई। अभियान में दरोगा देवेंद्र मेहता, अंजू यादव, हरीश प्रसाद, अरविंद कुमार, चीता मोबाइल के बिहारी लाल कुशवाहा आदि थे।