लोहाघाट (चंपावत)। लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने पर साक्षर भारत कार्यक्रम के प्रेरकों में गुस्सा है। नाराज प्रेरकों ने 20 अगस्त को होने वाली साक्षर भारत की परीक्षा का बहिष्कार करने की चेतावनी दी।
शनिवार को बीआरसी लोहाघाट में प्रेरक संगठन के ब्लाक अध्यक्ष दिनेश चंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रेरकों का कहना था कि 16 माह से मानदेय नहीं मिल पाया है। मानदेय के भुगतान को लेकर कई बार अधिकारियों से आग्रह कर रहे हैं। अब तक इसमें कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। प्रेरकों का कहना है कि मानदेय न मिलने के कारण उनके सामने भरण-पोषण की समस्या पैदा हो गई है।
महेश पाठक, विपिन पचौरी, दिलीप बोहरा, दिनेश पांडेय, संगीता आर्या, चंद्रा राय, विनीता बिष्ट, संगीता पांडेय, प्रदीप जोशी, सुनीता, आरती, कमला आदि प्रेरकों ने कहा कि मात्र दो हजार रुपया मानदेय दिया जाता है, लेकिन यह राशि भी उन्हें नियमित रूप से नहीं मिल पा रही है। लोहाघाट के खंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र साह का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से अक्तूबर 2016 से मार्च 2017 तक का मानदेय प्राप्त हो चुका है। प्रेरकों की उपस्थिति का ब्यौरा मिलते ही मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा। जबकि केंद्र सरकार से मिलने वाला बजट जून 2016 से नहीं मिल सका है।