लोहाघाट (चंपावत)।
नगर पंचायत ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर 15 किग्रा पॉलिथीन पकड़ी। तीन व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। चार दिन के भीतर जुर्माना अदा न करने पर व्यापारियों की आरसी काटकर उसे तहसील में भेजने की चेतावनी दी है। इस दौरान करीब 40 दुकानों में छापेमारी की गई।
बुधवार को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार के नेतृत्व में नगर पंचायत की टीम ने पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान दो सब्जी व्यापारियों और एक परचून की दुकान स्वामी द्वारा पॉलीथिन का प्रयोग किया जा रहा था। जिनसे भारी मात्रा में पॉलीथिन मिली। सब्जी विक्रेताओं से पांच हजार-पांच हजार रुपये और परचून की दुकान स्वामी का10 हजार रुपये का चालान काटा गया है। ईओ ने कहा कि शीघ्र ही नगर पंचायत क्षेत्र में नालियों के बाहर दुकानें लगाने वाले लोगों के खिलाफ प्रशासन की मदद से अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से पॉलीथिन का प्रयोग पूर्ण रूप से बंद करने को कहा है। अभियान में एमएल भट्ट, मोहन पंत, राजकुमार बिष्ट, कल्याण सिंह आदि शामिल थे।