टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत चूका में बनाए जा रहे हेलीपैड का करीब 40 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। लोक निर्माण विभाग ने अगस्त माह तक निर्माण कार्य पूरा कर हेलीपैड को उड्डयन विभाग को सौंपने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद मां पूर्णागिरि धाम के लिए हेली सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
मां पूर्णागिरि धाम में वर्षभर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और हेली सेवा की आवश्यकता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 में चूका में हेलीपैड निर्माण की घोषणा की थी।
लोक निर्माण विभाग की ओर से 0.593 हेक्टेयर भूमि पर 1.88 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अगस्त तक हेलीपैड पूरी तरह तैयार कर उड्डयन विभाग को सौंप दिया जाएगा। हेली सेवा शुरू होने के बाद महानगरों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को मां पूर्णागिरि धाम पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी।
कोट
तीन हेलिकॉप्टर क्षमता वाले हेलीपैड का निर्माण तेजी से चल रहा है। कार्यस्थल पर मिट्टी समतलीकरण का कार्य पूरा होने के बाद अब तक करीब 40 प्रतिशत निर्माण कार्य हो चुका है। - लक्ष्मण सिंह सामंत, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग