छमनियांचौड़ स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 36वीं वाहिनी में आयोजित अंतर वाहिनी हैंडबॉल प्रतियोगिता में तृतीय वाहिनी बरेली को हराक र मेजबान 36वीं वाहिनी ने ट्राफी पर कब्जा किया। प्रतियोगिता में अनुज सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब दिया गया।
प्रतियोगिता में क्षेत्रीय मुख्यालय के अंतर्गत आने वाली आईटीबीपी की तृतीय वाहिनी, सातवीं वाहिनी, चौदहवीं वाहिनी और मेजबान 36वीं वाहिनी की टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल में लोहाघाट की 36वीं वाहिनी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बरेली की तृतीय वाहिनी को पराजित किया। 34वीं वाहिनी हल्दूचौड़ तीसरे स्थान पर पर रही। सर्वश्रेष्ठ टीम का पुरस्कार 36वीं वाहिनी और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार अनुज को दिया गया।
आईटीबीपी के प्रभारी कमांडेंट भानुप्रताप सिंह ने विजेता व उप विजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कहा कि खेल से शारीरिक क्षमता के साथ बौद्धिक क्षमता का भी विकास होता है। बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्रीय स्तर पर हैंडबाल की मजबूत टीम तैयार करना है। इस मौके पर आईटीबीपी के अधिकारी और जवान मौजूद थे।