टनकपुर (चंपावत)। उत्तराखंड से लगी नेपाल सीमा पर एसएसबी के 16 बीओपी चेकपोस्ट जल्द ही सड़क से जुड़ जाएगे। इसके लिए एसएसबी के रानीखेत मुख्यालय ने परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) से प्रस्ताव तैयार कराया है। खटीमा से लगी सुंदर नगर सीमा (नेपाल का दोधारा बॉर्डर) से टनकपुर बैराज तक करीब 296.80 करोड़ की लागत से 35 किमी लंबी टू लेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इस सड़क के बनने से सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नेपाल सीमा पर भारत की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
मैत्री संबंधों के कारण भारत-नेपाल की सीमा खुली है लेकिन राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दोनों देशों की सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां तैनात है। भारतीय सीमा पर सुरक्षा का जिम्मा एसएसबी के पास है। उत्तराखंड से नेपाल की 270 किमी सीमा लगी है। इसमें चंपावत जिले के टनकपुर से ऊधम सिंह नगर के सुंदरनगर (खटीमा) तक 92 किमी मैदानी क्षेत्र में एसएसबी के 16 बीओपी चेकपोस्ट हैं जो अब तक सीधे तौर पर आपस में सड़क सुविधा से नहीं जुड़े हैं। यह सभी बीओपी चेकपोस्ट अब टू लेन सड़क सुविधा से जुडे़ंगे जिसके लिए एसएसबी ने पीआईयू से सर्वे कराकर प्रस्ताव तैयार कराया है।
पीआईयू के जेई वीएस पोखरिया ने बताया कि प्रस्ताव के मुताबिक सुंदर नगर (ऊधम सिंह नगर) से टनकपुर तक 35 किमी लंबी सड़क बनेगी। सड़क के प्रथम चरण में निर्माण के लिए 22.22 करोड़ और दूसरे चरण के लिए 274.58 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है। प्रस्ताव बनाकर एसएसबी के रानीखेत मुख्यालय को भेज दिया है। संवाद
एसएसबी के रानीखेत मुख्यालय की ओर से सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया था। प्रस्तावित सड़क के एलाइमेंट का सर्वे कराने के बाद प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। -आदर्श गोपाल सिंह, ईई पीआईयू, टनकपुर।
एसएसबी के यह बीओपी चेकपोस्ट सड़क से जुडे़ंगे
टनकपुर। सीमा पर टू लेन सड़क बनने से एसएसबी की सुंदरनगर, मेलाघाट, सिसैया, सिसैया प्रोपोज्ड, झापूझाला, नारायण नगर, कालापुल, लालकोठी, सिबल घाट, धनुषपुल, गढ़ीगोठ, बंगाली बस्ती, बनबसा, सैलानीगोठ, थपलियालखेड़ा और टनकपुर बीओपी आपस में जुडे़ंगे। संवाद
प्रस्तावित सड़क पर बनेंगे पांच ओवरब्रिज
टनकपुर। सुंदर नगर से टनकपुर तक 35 किमी लंबी सड़क पर पांच ओवरब्रिज भी बनेंगे। इनमें 20 मीटर लंबा पहला ब्रिज शारदा बैराज में, 40 मीटर लंबा सुंदरनगर में, 50 मीटर लंबा सैलानीगोठ में, 120 मीटर लंबा जगबुड़ा नदी में और 700 मीटर लंबा ओवरब्रिज शारदा बैराज में बनेगा। संवाद