चंपावत। जिले के नेपाल सीमा से लगे दो विकासखंडों में पहली बार संचालित मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम (सीएमबीएडीपी) के लिए शासन ने 341.76 लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है।
जिला प्रशासन ने चंपावत और लोहाघाट विकासखंड में सीएम बीएडीपी योजना के लिए 571.55 लाख रुपये की कार्ययोजना शासन को भेजी थी। इसको शासन ने मंजूर कर पहली किस्त के रूप में 341.76 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी है। योजना के तहत चंपावत ब्लॉक में 39 कार्यों पर 160.94 लाख रुपये जबकि लोहाघाट विकासखंड में 27 योजनाओं पर 180.82 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सीडीओ आरएस रावत के अनुसार सीएम बीएडीपी के तहत सीमांत क्षेत्र में स्वरोजगार बढ़ाने वाली और महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने वाली योजनाओं को शामिल किया गया है। कोरोना काल में सीमांत के गांवों में लौटे प्रवासियों को स्वरोजगार दिलाने की योजनाएं भी कार्ययोजना में शामिल की गईं हैं। कार्ययोजना की मंजूरी के बाद योजनाओं की डीपीआर बनाकर जल्द ही कार्यदायी संस्थाएं तय कीं जाएंगी।