चंपावत में पॉलीथिन मुक्त ग्राम गौरव पुरस्कार से सम्मानित महिला कार्यकर्ताएं।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिले के चारों विकासखंडों में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत पॉलीथिन मुक्त ग्राम गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला समूह की 32 सदस्यों को सम्मानित किया गया।
समारोह में ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिला समूह के सदस्यों को पॉलीथिन मुक्त उत्तराखंड जन जागरूकता अभियान एवं उसके उद्देश्यों के बारे में बताया गया। साथ ही सक्रिय महिला सदस्यों को जन जागरूकता संदेश संबंधी बैग भी बांटे गए।
सहायक निदेशक डीआरडीए विम्मी जोशी ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के तहत 26 सितंबर को ग्राम्य विकास मंत्री की ओर से महिलाओं के साथ वर्चुअली संवाद कार्यक्रम होगा। इसी दिन प्रत्येक विकासखंड स्तर के प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को पौधे भी बांटे जाएंगे। इस दौरान डीडीओ एसके पंत सहित सभी विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी, महिला समूह की सदस्य और विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।