टनकपुर (चंपावत)। छीनीगोठ के युवक को निवाला बनाने की घटना के बाद वन विभाग ने एक बार फिर हमलावर बाघ की पहचान करने एवं उसे पकड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। डीएफओ के निर्देश पर विभाग ने शनिवार को जंगल में घटना स्थल के आसपास सीसी कैमरे लगा दिए हैं। वहीं बाघ को पकड़ने के लिए चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन को पत्र लिखा जा रहा है।
शारदा रेंज के जंगल में छीनीगोठ निवासी किशन राम (23) को बाघ के निवाला बनाया था। अब तक बाघ शारदा रेंज में चार और बूम रेंज में एक महिला को निवाला बना चुके हैं। पूर्व में हुई घटनाओं की तर्ज पर इस घटना के बाद भी वन विभाग हमलावर बाघ की पहचाने करने में जुट गया है।
शनिवार को डिप्टी रेंजर कैलाश गुणवंत के नेतृत्व में विभाग की टीम ने द्वान बीट में घटना स्थल के आसपास चार सीसी कैमरे लगा दिए हैं। वन क्षेत्राधिकारी गोविंद सिंह रजवार का कहना है कि हमलावर बाघ की पहचान कर उसे पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन की अनुमति के बगैर जंगल में पिंजरा नहीं लगाया जा सकता है। पिंजरा लगाने की अनुमति के लिए चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन को पत्र लिखा जा रहा है।