टनकपुर (चंपावत)। भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) के सहयोग से स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन की तरफ से खेल प्रतिभाओं की खोज के उद्देश्य से जिला स्तर पर अंतरविद्यालयी अंडर 16 क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई है। पहले मैच में विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज टनकपुर ने शिक्षा भारतीय स्कूल खटीमा को हराया। दूसरे मैच में सेंट फ्रांसिस स्कूल टनकपुर ने डाई नॉशरी मॉडल गुरुकुल एकेडमी खटीमा को हराया। प्रतियोगिता में चंपावत और खटीमा की 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
रविवार को विधायक प्रतिनिध सुनील वाल्मीकि ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन मुकाबला विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज टनकपुर और शिक्षा भारती स्कूल खटीमा के बीच खेला गया। विवेकानंद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 93 रन का स्कोर खड़ा किया। कमलेश ने सर्वाधित 28 रन बनाए। शिक्षा भारती के गेेंदबाज सुनील सिंह ने तीन ओवर में चार विकेट चटकाए। जवाबी बल्लेबाजी करते हुए शिक्षा भारती की टीम 64 रन के स्कोर पर ढेर हो गई। विवेकानंद के गेंदबाज राहिल रावत ने तीन ओवर में तीन विकेट लिए।
दूसरा मैच सेंट फ्रांसिस स्कूल टनकपुर और डाई नॉशरी मॉडल गुरुकुल एकेडमी खटीमा के बीच हुआ। सेंट फ्रांसिस स्कूल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवरों में 193 रन बनाए। अजय अधिकारी ने सर्वाधिक 98 रन ठोके। गुरुकुल के गेंदबाज आशुतोष ने दो विकेट लिए। जवाबी बल्लेबाजी में गुरुकुल एकेडमी की टीम 74 रन के स्कोर पर आउट हो गई। आशुतोष ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। सेंट फ्रांसिस के गेंदबाज वैभव ने तीन विकेट लिए। मैच के निर्णायक अरुण परगांई और कुलदीप कुमार थे। लक्ष्मण चंद ने आंखों देखा हाल सुनाया। इस मौके पर प्रतियोगिता के जिला कोऑर्डिनेटर दीपक और कलस्टर कोऑर्डिनेटर दीपक पचौली, अजीत सिंह, नितिन भारती, संरक्षक दीप चंद आदि मौजूद थे।