चंपावत। एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की ओर से रानीबाग से पंचेश्वर तक 182 किमी सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क 5.50 मीटर चौड़ाई की होगी। 2022 तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा एडीबी की ओर से निर्मित पुल्ला, चमदेवल, मडलक सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है। जबकि लोहाघाट से वालिक सड़क उत्तराखंड स्टेट रोड इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट के अंतर्गत स्वीकृत होने के कारण हस्तांतरित नहीं की गई है।
जिला सभागार में शुक्रवार को एडीबी के कार्यों के समीक्षा करते हुए डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने एनएच में कार्य कर रही कंपनियों को मासिक प्लान बनाकर देने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी केएस बिष्ट, एनएच के ईई एलडी मथेला, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय आदि थे।