लोहाघाट (चंपावत)। मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर नगर पंचायत के पर्यावरण मित्र लामबंद हो गए हैं। उन्होंने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। अधिशासी अधिकारी, प्रशासक पर वायदा खिलाफी का आरोप लगाते हुए मंगलवार से नगर में सफाई व्यवस्था ठप करने का निर्णय लिया है।
सफाई नायक हरचरन के नेतृत्व में सोमवार को पर्यावरण मित्रों ने नगर पंचायत कार्यालय के गेट पर जोरदार नारेबाजी की। कहा कि नगर पंचायत में कार्यरत सात संविदा पर्यावरण मित्रों, तीन चालकों, एक बाबू और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का मानदेय सात हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार करने को लेकर पूर्व में भी आंदोलन किया गया था। उस दौरान अधिशासी अधिकारी और प्रशासक ने उन्हें जुलाई माह से 12 हजार रुपये मासिक मानदेय देने का आश्वासन दिया था।
अगस्त माह में उन्हें पुरानी सात हजार रुपये मानदेय का भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना था कि चंपावत नगर पालिका समेत सभी नगर पंचायतों, पालिकाओं में संविदा कर्मियों को 12 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है, जबकि लोहाघाट नगर पंचायत के संविदा कर्मियों को सात हजार मानदेय देकर उनका शोषण किया जा रहा है। कहा कि मंगलवार से नगर क्षेत्र का कूड़ा नहीं उठाया जाएगा। वहां मनीष कुमार, दलीप कुमार, दिनेश कुमार, मुकेश कुमार, सुखराम, सुदेश, ममता, सतीश, विलियम, नन्ने, विजय, कल्लू लाल, बुद्धसेन, बलवीर, समंता देवी, गीता, सुमन देवी, संतोष आदि थे।