टनकपुर (चंपावत)। वाहनों की चेकिंग में राहत देने और नियमानुसार चल रहे वाहनों का चालान न करने के आश्वासन पर ट्रक आपरेटरों ने शनिवार को हड़ताल समाप्त कर दी है। ट्रकों का संचालन शुरू होने से पर्वतीय क्षेत्र में सामानों की आपूर्ति सुचारु हो गई है। इधर, ट्रक आपरेटरों का एक शिष्टमंडल एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल से मिलने चंपावत गया है।
पुलिस एवं परिवहन विभाग पर यातायात सुरक्षा के नाम पर वाहनों की चेकिंग कर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए ट्रक आपरेटर, चालक बृहस्पतिवार से हड़ताल पर चले गए थे। सामान से लदे अपने ट्रकों को टनकपुर से बस्तिया तक सड़क किनारे खड़े कर ककरालीगेट में धरने पर बैठे थे।
शुक्रवार को एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल से वार्ता विफल होने के बाद देर शाम एसपी गुंज्याल के निर्देश पर सीओ आरएस रौतेला ने ट्रक आपरेटरों से वार्ता कर चेकिंग में शिथिलता बरतने एवं नियमानुसार संचालित वाहनों पर कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा सीओ ने ट्रक आपरेटरों की एसपी गुंज्याल से फोन पर भी वार्ता कराई।
आंदोलन के अगुवाई वीरेंद्र चंद बीरू ने बताय कि वार्ता में एसपी ने उन्हें यातायात नियमों का पालन कर संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आश्वासन देते हुए वार्ता के आमंत्रित किया है। एसपी के इस आश्वासन पर ट्रक आपरेटरों ने शनिवार से हड़ताल समाप्त कर दी है। इधर एसपी के बुलावे पर ट्रक आपरेटरों का शिष्टमंडल वीरेंद्र चंद बीरू के नेतृत्व में चंपावत रवाना हुआ है।