चंपावत। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सल्ली की शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर करने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन समिति की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। ग्राम प्रधान पूरन सिंह रावत को दूसरी बार एसएमसी अध्यक्ष चुना गया।
इस मौके पर हुई एसएमसी की बैठक में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए आवाज उठाने का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि विज्ञान के शिक्षक की तैनाती नहीं होने पर एसएमसी वैकल्पिक रूप से एक अध्यापक को अपने स्तर से तैनात करेगा। ताकि छात्रों की पढ़ाई सुचारु रुप से हो सके।
सल्ली के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में इस वक्त 105 छात्र-छात्राओं को पढ़ाने के लिए महज पांच शिक्षक हैं। बैठक में रिक्त पदों के लिए मुखर हो आवाज उठाने की बात कही गई। एसएमसी के पुष्कर सिंह, राम सिंह व त्रिलोक राम सदस्य चुने गए। बैठक में प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार शर्मा, शिक्षक त्रिभुवन, ओम प्रकाश कुशवाहा, नरेश चंद्र पांडेय, कैलाश सिंह, आनंद सिंह, विनोद कुमार आदि ने विचार रखे।