चंपावत। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2014 से अब तक जिले में स्वीकृत और प्रारंभ की गई सड़कों की सूची मांगी है। इसके साथ जिन सड़कों पर स्वीकृति के बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, उसका कारण स्पष्ट कर सूची उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने सर्किट हाउस में जिले की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत स्वीकृत सभी सड़कों को वर्ष 2019 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
सड़कों के लिए धनराशि की कोई कमी न होने के बावजूद सड़कों का निर्माण अवरुद्ध होना चिंता पैदा करता है। अधिशासी अभियंता एके बर्मन ने बताया कि अमोड़ी-छतकोट, धौन से सल्ली तथा स्यांला से पोथ मोटर मार्ग के प्रथम चरण के कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।
खटोली मल्ली से वैला मोटर मार्ग के प्रथम चरण का कार्य प्रगति पर है। चंपावत से मंच नीड़, मडलक पांडे से सेलपड़, डुंगराबोरा कायल से मटियानी, हरम से रमैला, किमतोली से खतेड़ा, बगौटी से डुंगरालेटी, कुलेटी रस्यारा से ढकना बड़ोला और चंपावत से खर्ककार्की मोटर मार्गों पर डामरीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा मंच से डुबडजैनल, धौन से बडोली, चल्थी से नौलापानी, चमदेवल से निडिल, सिमियाउरी से आमनी, नरसिंहडांडा से भगीना, किमतोली से कोट और बलूटा से पासम, सिप्टी से अमकड़िया मोटर मार्ग के प्रथम चरण में प्राप्त आपत्ति का निस्तारण कराया जा रहा है। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदत्त जोशी, पुलिस क्षेत्राधिकारी पीएस कफलिया, कैलाश अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। ब्यूरो