पाटी (चंपावत)।
विकासखंड की बिगराकोट-गरसाड़ी मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान हो गए हैं। चालक जान हथेली पर रखकर वाहनों का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने मार्ग की बदहाली को लेकर लोनिवि के खिलाफ गहरी नाराजगी जताई है। साथ ही शीघ्र मार्ग की हालत ठीक न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
लक्ष्मी दत्त जोशी, प्रकाश चंद्र, हरीश जोशी, ललित जोशी, नवीन चंद्र, मनोज जोशी, किरन, पार्वती, प्रभा आदि ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर करीब पांच किमी तक डामर नहीं हुआ है, इससे बारिश के कारण मार्ग जगह-जगह पानी और कीचड़ से लबालब भरा है। मार्ग पर हर वक्त दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की बदहाली के कारण स्कूली बच्चों, शिक्षकों के अलावा ग्रामीणों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। इस मार्ग से गरसाड़ी, बिगराकोट, रीठा, सेला, अगेरा, बटुलिया, चौपूं, पारस आदि गांवों के लोग आवाजाही करते हैं।
मार्ग में चौपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालक उक्त मार्ग पर अपने वाहन चलाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि देवीधुरा के प्रसिद्ध बग्वाल मेले को देखते हुए विगत दिवस देवीधुरा क्षेत्र की सभी सड़कों की हालत ठीक करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इस मार्ग को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोनिवि इन आदेशों को कितना पालन कर रही है।