लोहाघाट (चंपावत)। एसएसबी के प्रशिक्षित गुरिल्लों ने एसएसबी अकादमी उत्तराखंड की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया। लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी पर पांच जुलाई को एसएसबी अकादमी श्रीनगर गढ़वाल का घेराव करने का निर्णय लिया। गुरिल्लों ने उत्तराखंड एसएसबी पर भारत सरकार को सही रिपोर्ट न भेजने का अरोप लगाया है।
जिलाध्यक्ष ललित मोहन बगौली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में गुरिल्लों ने कहा कि एसएसबी स्वयंसेवक 11 सालों से नौकरी और पेंशन की मांग कर रहे हैं। इस दौरान गृह मंत्रालय भारत सरकार जब भी एसएसबी विभाग से स्वयंसेवक गुरिल्लों को दिए गए प्रशिक्षण, गणवेश दिए जाने और चीन सीमा पर भारतीय क्षेत्र तक सुरक्षा को मजबूती प्रदान करने में गुरिल्लों की महत्व के बारे में रिपोर्ट मांगते हैं तो वह पूर्व से तैयार की गई रिपोर्ट भेज देते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एसएसबी अकादमी ने यह भी नहीं बताया कि 2002 से पहले एसएसबी में केवल गुरिल्लों को ही भर्ती किया जाता रहा है। बगौली ने कहा कि एसएसबी गुरिल्लों के हक में कुछ करे या न करे, लेकिन भारत सरकार से मांगी गई रिपोर्ट को तो सही रुप से प्रस्तुत करें, जिससे भारत सरकार कुछ निर्णय ले। जिलाध्यक्ष ने बैठक में सभी गुरिल्लों से पांच जुलाई को श्रीनगर पहुंचने की अपील की। इस मौके पर हीरा बल्लभ जोशी, स्वरूप राम, कृष्ण राम, गिरधर दत्त जोशी, महेश पाठक, राजेंद्र सिंह, भुवन चंद्र, घनश्याम भट्ट आदि थे। ब्यूरो