जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर वोट डालने का सिलसिला शुरू हो गया है। मतदान ड्यूटी में लगे कार्मिकों ने जीजीआईसी में प्रशिक्षण स्थल पर शनिवार से अपने मताधिकार का प्रयोग करना शुरू कर दिया है। 15 फरवरी को होने वाले मतदान से एक दिन पूर्व तक चलेगा। पहले दिन चंपावत सीट पर 131 और लोहाघाट सीट पर 181 कर्मियों ने वोट डाले।
मतपत्र के नोडल अधिकारी अंशुल बिष्ट ने बताया कि जिले की दोनों विधानसभा में 320 मतदान केंद्र हैं। 32 पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है। इन 352 पोलिंग पार्टी में तैनात कुल 1408 सरकारी कर्मचारी मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
विज्ञापन
चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की सुविधा के लिए सात फरवरी से चंपावत व लोहाघाट विधानसभा सीट के रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में ये मतपेटियां रखी जाएंगी। जहां कर्मी अपनी सुविधा के हिसाब से वोट डाल सकेंगे।
इसके अलावा 13 और 14 फरवरी को ये मतपेटियां पोलिंग पार्टी के मूविंग स्थल गोरलचौड़ मैदान में रखी जाएंगी। मतदान केंद्र में रवाना होने से पूर्व तक कर्मचारी अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे।