टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर चल्थी क्षेत्र में अवैध खनन के आरोप में तीन खनन कारोबारियों पर 3.15 लाख का जुर्माना लगाया गया है। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने सोमवार को ये आदेश जारी किए हैं। साथ ही पकड़ी गई अवैध रेत को भी सीज किया गया।
प्रशासन ने 16 जनवरी को संयुक्त अभियान चलाकर चल्थी क्षेत्र से करीब 300 घन मीटर अवैध रेता पकड़ा था। एसडीएम भगत सिंह फोनिया और नरेश दुर्गापाल की संयुक्त जांच रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी ने ओम प्रकाश पांडेय, नरेश ढेक और जगदीश चंद्र शर्मा पर 1.05-1.05 लाख रुपये जुर्माना लगाया है। तीनों खनन कारोबारियों से बरामद हुए अवैध रेत को भी सीज किया गया है। इसके अलावा थ्वालखेड़ा के बृजमोहन, घस्यारामंडी के हिम्मत सिंह और बांके लाल के वाहनों में उपखनिज निर्धारित मात्रा से अधिक पाए जाने पर 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। केएमवीएन के ठेकेदार योगेंद्र ज्याल द्वारा रायल्टी कम दर्शाने से हो रही राजस्व हानि पर भी 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।