फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champawat News: मानसखंड क्षेत्र के दीदार करने पुणे से पहुंचे 280 पर्यटक

Wed, 24 Apr 2024 10:26 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्पावत
विज्ञापन
विज्ञापन
टनकपुर (चंपावत)। देवभूमि के मानसखंड क्षेत्र के आध्यात्मिक और प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाने के लिए 280 पर्यटकों का दल मानसखंड एक्सप्रेस भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से टनकपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। ट्रेन से उतरने ही छोलिया नृत्य, फूलों की वर्षा, आरती और तिलक लगाकर दल का स्वागत किया गया। उत्साहित पर्यटक खुद को छोलिया नृतकों के साथ नाचने से नहीं रोक पाए। 128 पर्यटक मां पूर्णागिरि धाम की ओर तो 162 पर्यटक नानकमत्ता दर्शन के लिए वाहनों से रवाना हुए। 30 अप्रैल को पर्यटक स्टेशन पहुंचकर अपने घरों के लिए लौटेंगे।
विज्ञापन

भारत सरकार और प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग ने रेलवे के साथ अनुबंध कर देवभूमि के मानसखंड क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मानसखंड यात्रा का आयोजन किया है। इसमें पहला दल महाराष्ट्र के पुणे से बुधवार दोपहर करीब 11:50 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचा। ट्रेन को मानसखंड क्षेत्र के मंदिरों, देवभूमि के आकर्षक चित्रों से सजाया गया है।
आईआरसीटीसी के एक्जीक्यूटिव पश्चिमी क्षेत्र आलोक सिंह परमार और जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि जनरल में 28 हजार रुपये, डीलक्स में 34 हजार रुपये के पैकेज के साथ मानसखंड विशेष ट्रेन में थ्री एसी के 9 डिब्बे लगे हैं। पर्यटकों को नौ दिन में कुमाऊं क्षेत्र के अंतर्गत मानसखंड क्षेत्र के प्रमुख स्थानों का भ्रमण कराया जाएगा। 11 दिन के इस टूर में दो ग्रुपों में पर्यटक टनकपुर से रवाना हुए। अब अगला दल नौ मई को गुजरात के राजकोट से चलेगा और तीसरा दल 22 मई को मुंबई से आएगा। चौथा और पांचवां दल कोलकाता से जून में आना प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना है।
विज्ञापन


पर्यटक बोले - देवभूमि में आकर नई ऊर्जा मिलती है
टनकपुर। मानसखंड एक्सप्रेस भारत गौरव ट्रेन से भ्रमण पर आए रेलवे में इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त महाराष्ट्र के जलगांव के श्यामाकांत निकुंब ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आकर उनको नई ऊर्जा मिलती है। पिछले वर्ष 15 अगस्त को केदारनाथ और बदरीनाथ के दर्शन के लिए आए। उन्होंने उत्तराखंड को देश का सबसे खूबसूरत राज्य कहा। पुणे के खंडवा से परिवार के पांच सदस्यों के साथ आए अरुण कुमार दीक्षित ने बताया कि वह एक बार नैनीताल आए थे। इस बार फिर मौका मिला है। कोल्हापुर के डीडी पाटिल और पुणे के अरुण ने भी उत्तराखंड की खूबसूरती की खुलकर तारीख की। उन्होंने कहा कि मानसखंड क्षेत्र में भ्रमण का मौका मिला है। वह देवभूमि उत्तराखंड के देवालयों और नैसर्गिक सौंदर्य को नजदीक से निहारना चाहते हैं।

पहले दिन ही मां पूर्णागिरि के दर्शन का मिला मौका
टनकपुर। पुणे से आए 128 पर्यटक पर्यटन विभाग के हायर किए छह वाहनों से मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए भैरव मंदिर पहुंचे। मंदिर समिति के सचिव सुरेश तिवारी ने बताया कि बुधवार को पर्यटकों के साथ ही 24 घंटे में करीब 5-6 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। बताया गया कि मैदानी क्षेत्र में गेहूं की कटाई और यूपी में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की गहमागहमी का असर मेले पर भी पड़ रहा है जिस कारण कम ही श्रद्धालु आ रहे हैं। संवाद
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें