बनबसा पुलिस ने 23 अक्तूबर को चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार से 2770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए। पुलिस ने कार चालक विक्रम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया गया है।
धनुषपुल चौकी के पूर्वी छोर पर खटीमा की ओर से आ रही सफेद स्विफ्ट कार (यूके06बीडी5048) को रोका गया था। तलाशी के दौरान चालक के कब्जे से एक लाल-सफेद बैग में नशीली दवाएं मिलीं। चंपावत की औषधि निरीक्षक हर्षिता ने मौके पर बरामद दवाओं की तकनीकी जांच की। उन्होंने पुष्टि की कि ये दवाएं एनडीपीएस अधिनियम के तहत नियंत्रित श्रेणी में आती हैं। बरामद दवाओं में डाइसाइक्लोमाइन एचसीएल, ट्रामाडोल एचसीएल, एसिटामिनोफेन, प्रेगाबालिन कैप्सूल और टैपेंटाडोल टैबलेट शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी से 4000 रुपये नकदी और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी विक्रम सिंह (35) बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को डी. फार्मा धारक बताते हुए कुमाऊं क्षेत्र में नशीली गोलियों की सप्लाई करने की बात कबूली। आरोपी ने बताया कि उसने ये दवाएं पीलीभीत के डिस्ट्रीब्यूटर मोहम्मद कामरान से खरीदी थीं। बनबसा थाने में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
नशीली गोलियों की सप्लाई करने वाले एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) को गिरफ्तार किया गया है। चेकिंग के दौरान आरोपी के कब्जे से 2,770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुए। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
- रेखा यादव, एसपी, चंपावत