टनकपुर (चंपावत)। क्षेत्र में गत शनिवार को कोरोना पॉजिटिव मिले छह लोगों के संपर्क 30 लोगों में से 27 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। तीन लोगों की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इससे अभी संशय बना हुआ है।
बता दें कि शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में क्षेत्र के छह लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से लोगों में भय बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मिले लोगों के परिजनों के अलावा उनके संपर्क में आए 30 लोगों को क्वारंटीन कर जांच के लिए सैंपल एसटीएच हल्द्वानी भेजे गए थे। फिलहाल क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की बात यह है कि 30 में से 27 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एसीएमओ डॉ. एचएस हयांकी ने बताया कि 27 लोगों की जांच रिपोर्ट आ गई है, लेकिन 30 में से तीन लोगों की रिपोर्ट न आने से संशय बना हुआ है। फिलहाल संपर्क में आए सभी लोग अभी संस्थागत क्वारंटीन में हैं। संवाद