चंपावत। पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत वाइब्रेंट विलेज तामली में आयोजित 15 दिवसीय सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। प्रशिक्षण में 26 ग्रामीण महिलाओं और युवतियों को व्यावसायिक कौशल प्रदान कर स्वरोजगार के लिए तैयार किया गया।
उप कमांडेंट नवनीत कुमार यादव ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला जनजाति सेवा समिति खटीमा के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना था।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई मशीन संचालन, माप लेने की विधि, कपड़ों की कटिंग, महिलाओं एवं बच्चों के विभिन्न परिधानों की सिलाई, स्कूल यूनिफॉर्म तैयार करना, साधारण कढ़ाई, फॉल-पिको, वस्त्रों की मरम्मत और फिनिशिंग सहित कई व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
इसके अलावा स्वरोजगार स्थापित करने, ग्राहक प्रबंधन और सिलाई व्यवसाय के माध्यम से आय बढ़ाने के तरीके भी बताए गए।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर उप निरीक्षक (सामान्य) बहादुर सिंह, महिला जनजाति सेवा समिति के अध्यक्ष गंगा राणा, सुरेश सिंह, मुकेश सिंह, उरियाल सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।