उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने सोमवार को नगर पालिका परिषद में अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि पालिका में तैनात सभी पर्यावरण मित्रों को 26 जनवरी से पूर्व यूनिफार्म उपलब्ध करा दी जाएगी।
उन्होंने संविदा पर तैनात सफाई कर्मियों को एक माह में नियमित किए जाने, ओवर टाइम देने तथा वर्ष 2014 से 500 रुपये प्रोत्साहन राशि दिए जाने का आश्वासन भी दिया। पर्यावरण मित्र संगठन के अध्यक्ष राकेश कुमार और महामंत्री रघुवीर की मांग पर उन्होंने वाल्मीकि पूजा स्थल के लिए जमीन देने तथा आवास कालोनी के लिए तहसीलदार को भूमि तलाशने को कहा।
उन्होंने कहा कि जिन सफाई कर्मियों को दस साल से अधिक समय हो गया है उनके जाति, आय प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी और अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार ने भी पालिका के समक्ष मौजूद समस्याओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सभासद नरेश जोशी, प्रकाश नाथ, सौरभ साह, राजेंद्र महर, दीपक तड़ागी, दीपक लारा, कलावती देवी, अनीता प्रहरी, सूरज प्रहरी और अमीर बख्श आदि मौजूद रहे।
पालिका में 18 सफाईकर्मी
चंपावत। नगर पालिका की साफ सफाई की व्यवस्था मात्र 18 कर्मचारियों के भरोसे है। जिसमें चार स्थाई, नौ संविदा पर और पांच सफाईकर्मी मोहल्ला स्वच्छता समिति में हैं। संविदा कर्मियों को 7500 रुपये और स्वच्छता समिति के सफाई कर्मियों को महज 4000 रुपये मानदेय ही मिलता है।