चंपावत/लोहाघाट। रानीखेत में हो रही सेना भर्ती रैली के लिए यहां हुई कोरोना जांच में भारी संख्या में नौजवान उमड़े। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। मंगलवार से शुरू हुई जांच में दो दिन में 2365 लोगों की जांच की गई। एक भी अभ्यर्थी कोरोना संक्रमित नहीं मिला। एसडीएम अनिल गर्ब्याल, नायब तहसीलदार ज्योति धपवाल, सत्येंद्र कौशल आदि अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन करते रहे।
चंपावत के गोरलचौड़ मैदान में नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बिष्ट के नेतृत्व में 902 लोगों की जांच हुई। जांच के लिए पांच टीमें बनाई गईं थीं। वहीं लोहाघाट के 712 और बाराकोट तहसील के 751 युवकों की जांच लोहाघाट के रामलीला मैदान में हुई। कोरोना काल के दौर में चल रही भर्ती रैली के हर अभ्यर्थी को भर्ती की तिथि से 72 घंटे पहले की कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट ले जाना अनिवार्य है। बृहस्पतिवार को पाटी में अभ्यर्थियों का कोरोना परीक्षण होगा।