चंपावत। जिला मुख्यालय में नगर पालिका की ओर से मल्ली मादली वार्ड से छतार वार्ड के बीच पथ प्रकाश के लिए पूर्व में लगाई गई स्ट्रीट लाइटें खराब होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर छतार से लेकर युवा कल्याण विभाग के कार्यालय तक भी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें तकनीकी खराबी के कारण खराब पड़ी हैं।
लोगों का कहना है कि इससे पूर्व तक पथ प्रकाश की ठीक ठाक व्यवस्था थी, लेकिन बीच में उर्जा निगम की ओर से बिजली के तारों के स्थान पर एरियल ब्रंच (एबी) केबल बिछाई है, तब से ही स्ट्रीट लाइटें खराब चल रही है। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार का कहना है कि खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को सही कराने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।