टनकपुर (चंपावत)। वन विभाग ने बुधवार से राजस्व एवं सिंचाई विभाग की टीम के साथ शारदा नदी के खनन क्षेत्र का सीमांकन शुरू कर दिया है।
नदी के डाउन स्ट्रीम क्षेत्र से सीमांकन की कार्रवाई शुरू कर गई है। एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल ने भी मौके पर पहुंचकर सीमांकन का जायजा लिया। उन्होंने मानक के अनुरूप क्षेत्र की नपाई कर सीमांकन करने के निर्देश दिए।
शारदा से उप खनिज निकासी की वन निगम ने तो पूरी तैयारी कर ली है, लेकिन वन विभाग द्वारा अब तक सीमांकन नहीं करने से खनन शुरू नहीं हो पाया है। डीएम के आदेश के बाद हरकत में आए वन विभाग ने राजस्व कर्मियों एवं सिंचाई विभाग की टीम के साथ सीमांकन कार्य शुरू कर दिया है।
वन क्षेत्राधिकारी गोविंद सिंह रजवार ने बताया कि खनन क्षेत्र को चार फुट ऊंचे पिलरों का निर्माण करा कर सीमांकित किया जा रहा है। इसमें कम से कम 15 दिन का समय लगेगा। सीमांकन टीम में वन दरोगा हीरा सिंह जीना, वन रक्षक नंदा बल्लभ कांडपाल, कानूनगो जोत राम, सिंचाई विभाग के जेई शामिल हैं।