बनबसा (चंपावत)। नेपाल विद्यार्थी संगठनों के आह्वान पर मंगलवार को महेंद्रनगर बाजार पूरी तरह बंद रहा। इस दौरान बनबसा से भारतीय वाहन सीमा पिलर संख्या सात तक ही गए। सुरक्षा के तहत भारतीय प्रशासन ने भारतीय वाहनों को नेपाल नहीं जाने की सलाह दी। नेपाल विद्यार्थी संगठनों ने सोमवार को महेंद्रनगर की सभी शिक्षण संस्थाओं को बंद कराया था।
नेपाल विद्यार्थी संगठन के छात्र नेता किशोर जोशी के आह्वान पर मंगलवार को महेंद्रनगर बंद रहा। इस दौरान बाजार के अलावा वाहनों का संचालन भी ठप रहा। विद्यार्थी संगठनों ने 27 जुलाई को दुराचार के बाद हुई एक छात्रा के हत्यारों को अब तक नहीं पकड़ने के अलावा बढ़ती महंगाई के विरोध में बंद का आह्वान किया था।
इस दौरान भारतीय प्रशासन ने सुरक्षा के तहत बनबसा से भारतीय नागरिकों और वाहनों के नेपाल जाने पर रोक लगाई थी। वहीं, नेपाल बंद के चलते मंगलवार को बनबसा का कारोबार खासा प्रभावित रहा। व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत भंडारी के मुताबिक नेपाली खरीदारों के बनबसा नहीं पहुंचने से प्रतिदिन की अपेक्षा मंगलवार को कारोबार 70 प्रतिशत प्रभावित रहा। रोडवेज और कस्टम के कारोबार पर भी असर पड़ा। सीओ राजन सिंह रौतेला ने बताया कि महेंद्रनगर (नेपाल) के हालात सामान्य होने के बाद ही बनबसा से नेपाल को भारतीय वाहनों का संचालन पूर्व की तरह सुचारु किया जाएगा।