चंपावत। जिले में दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि की दूसरी किश्त मिल गई है। विभाग को इसके लिए 5.95 लाख की राशि मिल चुकी हैं। जल्द दुग्ध उत्पादकों के खाते में प्रोत्साहन राशि डाल दी जाएगी।
दुग्ध उत्पादकों की अप्रैल से सितंबर तक की प्रोत्साहन राशि बजट के अभाव में रुकी थी लेकिन अब शासन की ओर से दुग्ध संघ को प्रोत्साहन राशि का भुगतान कर दिया गया है। प्रत्येक दुग्ध उत्पादक को चार रुपये प्रति लीटर की दर से प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। दुग्ध संघ ने दुग्ध उत्पादकों के खाते में राशि डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए उत्पादकों को अपनी डेयरी में आधार कार्ड और बैंक खाता नंबर देना होगा। इसके लिए विभाग ने बैंक के नाम, आधार कार्ड मांगने शुरू कर दिए हैं। बैंक अकाउंट मिलने के बाद ही उपभोक्ताओं के खाते में प्रोत्साहन राशि डाली जाएगी।
प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) से दुग्ध उत्पादकों के लिए प्रोत्साहन राशि के रूप में 5.95 लाख रुपये मिल चुके हैं। इसमें उत्पादकों को अप्रैल से सितंबर तक की प्रोत्साहन राशि डाल दी जाएगी।
- एनएस डंगरिया, सहायक निदेशक डेयरी, चंपावत।